हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत बुधवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने सप्तऋषि क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित सड़क सुधार, जल निकासी, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की स्थिति जानी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को काम समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

अपर मेलाधिकारी ने भूमा निकेतन के प्रमुख स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज से मुलाकात कर कुंभ मेले की तैयारियों और क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पार्षद आकाश भाटी, सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र शर्मा और स्थानीय निवासियों के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुराने आरटीओ चौक से भारत माता मंदिर, सप्तऋषि चौक होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक सप्तसरोवर मार्ग के सुधार का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मार्ग पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी जरूरी कार्य कराए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने कुंभ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पार्किंग के लिए संभावित स्थानों का भी जायजा लिया। उन्होंने सड़क, जल निकासी और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। सप्तऋषि चौक पर सीवर लाइन से जुड़ी समस्या का भी उन्होंने संज्ञान लिया। संबंधित अधिकारियों को समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रवेश कुमार, अपर सहायक अभियंता चंद्रलाल भारती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

