हरिद्वार। गणपति विसर्जन के आखिरी दिन शुक्रवार को नगर निगम की टीमें गंगा घाटों पर दिनभर मुस्तैद रहीं। निगम की ओर से पहले ही गंगा घाटों पर प्रतिमा विसर्जन नहीं करने की चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद कई श्रद्धालु प्रतिमा विसर्जन के लिए घाटों पर पहुंचे। निगम कर्मचारियों ने उन्हें समझाकर गंगा में प्रतिमा विसर्जन करने से रोका और निर्धारित स्थलों पर ही विसर्जन करने की अपील की। शुक्रवार रात तक भी घाटों पर निगम की टीमें निगरानी में जुटी रहीं।
बैरागी कैंप और पंतद्वीप मैदान को किया था मूर्ति विसर्जन के लिए चिन्हित, फिर भी नहीं माने कई लोग
नगर निगम की ओर से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बैरागी कैंप में श्री यंत्र पुल के पास और पंतद्वीप में पार्किंग गेट नंबर-दो के पास स्थल चिन्हित किए गए हैं। दिनभर निगम कर्मचारियों ने घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को इन निर्धारित स्थलों की जानकारी दी। कई लोगों ने घाटों पर ही प्रतिमा विसर्जित करने का प्रयास किया, जिन्हें कर्मचारियों ने रोक दिया। देर रात तक निगम कर्मचारियों की टीम मूर्ति विसर्जित करने वाले लोगों को समझाती नजर आई।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए श्रद्धालुओं से निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमा विसर्जित करने की अपील की गई है। शुक्रवार को भी दिनभर निगम की टीमें घाटों पर तैनात रहीं और लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि रात में भी निगम की टीमें घाटों पर निगरानी कर रही हैं, ताकि गंगा में प्रतिमाओं का विसर्जन न हो।
वहीं नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि धार्मिक आस्था के साथ गंगा की स्वच्छता का भी ध्यान रखें। प्लास्टर ऑफ पेरिस और अन्य सामग्री से बनी प्रतिमाओं को गंगा में विसर्जित करने से जल प्रदूषण की आशंका रहती है। ऐसे में प्रतिमाओं का विसर्जन केवल चिन्हित स्थलों पर ही किया जाए।

