हरिद्वार। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी अमन उर्फ भरोसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को झबरेड़ी कलां निवासी अमन उर्फ भरोसी ने अपनी बहन रुपा और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक सूरज के पिता अशोक की तहरीर पर अमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना पर नहर पुल पिकेट के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए आरोपी को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते पर भागने लगा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बहन और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी होने तथा इससे समाज में बदनामी होने की बात सामने आने पर दोनों की हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

