गीता जोशी।
लालढांग, हरिद्वार। राजकीय इंटर कॉलेज गैंडीखाता में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय के बैंड दल ने व्यायाम शिक्षक अजय शर्मा के नेतृत्व में पूरे गांव में प्रभात तिरंगा रैली निकाली। रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। ग्रामीणों ने भी रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। रैली के विद्यालय पहुंचने के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की शान बढ़ाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य भानु प्रताप शर्मा ने की। पीटीए अध्यक्ष जबर सिंह बिष्ट, एसएमसी अध्यक्ष गुड़िया देवी, व्यायाम शिक्षक अजय शर्मा और मंच संचालक पविंदर कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक कार्यक्रम में मौजूद रहे। प्रधानाचार्य भानु प्रताप शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और उनके संघर्ष की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं।

कार्यक्रम में अजीत यादव, संतोष रावत, उदयचंद, ओम बदानी, प्रकाश चंद देवरानी, योगेश कुमार, डॉ. शकुन सिंह, मंजू बिष्ट, चेतन पुषण, अंबिका नेगी, विश्वास कुमार सैनी, सीताराम समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य ने विभिन्न प्रस्तुतियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।


