हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार दिल्ली हाईवे पर जुर्स कंट्री के सामने कर्णवाल परिवार की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्तों को भोजन कराया गया। कर्णवाल परिवार के सदस्यों ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें भोजन कराया, उनकी सेवा कर आशीर्वाद लिया और पुण्यफल प्राप्त किया।

भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। कांवड़ियों की सेवा के लिए परिवार के सदस्य और स्वयंसेवक पूरे समय जुटे रहे।

समाजसेवी और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश महासचिव अंकुर कर्णवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। देशभर से लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। ऐसे में उनकी सेवा करना सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा ही भगवान शिव की सेवा है। कर्णवाल परिवार हर वर्ष अपनी क्षमता के अनुसार शिवभक्तों की सेवा में योगदान देता है।

