हरिद्वार। भगत सिंह चौक के पास रेलवे ट्रैक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक यात्री चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना देर रात की है जब अधिकांश लोग घरों में थे। घायल यात्री दर्द से चिल्ला रहा था। उसकी आवाज सुनकर कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसकी मदद के लिए आगे आए।बताया जा रहा है कि यात्री किसी यात्री ट्रेन से गिरा था हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह ट्रेन से खुद गिरा या किसी कारणवश हादसा हुआ। घटना के बाद घायल यात्री रेलवे ट्रैक के पास पड़ा रहा और मदद के लिए आवाज लगाता रहा। उसकी चीख-पुकार सुनकर पास में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने बिना देर किए युवक को ट्रैक से हटाकर नीचे सुरक्षित स्थान पर लिटाया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी और एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची एंबुलेंस में घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताई और बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार यात्री की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। जांच की जा रही है।

