हरिद्वार। उत्तराखंड में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बीच चल रही खींचतान रुकने का नाम नहीं ले रही है। कुमारी शैलजा ने हरीश रावत को लेकर बड़ा बयान दिया और कहा कि कोई भी व्यक्ति संगठन से बड़ा नहीं है। बुधवार को कुमारी शैलजा हरिद्वार पहुंची, जहां उन्होंने वोट बचाओ देश बचाओ यात्रा की शुरुआत की। हरिद्वार में शिवमूर्ति चौक से सभाष घाट तक कुमारी शैलजा पैदल मार्च करते हुए पहुंची थी। हालांकि उत्तराखंड कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान के सवाल पर कुमारी शैलजा ने ज्यादा कुछ तो नहीं बोला। लेकिन उन्होंने बड़ा बयान जरूर दे दिया। कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बहुत बड़ा संगठन है। इस पार्टी का एक बहुत बड़ा इतिहास है। कोई व्यक्ति पार्टी से बड़ा नहीं हो सकता। कुमारी शैलजा ने बराबर में खड़े यशपाल आर्य, गणेश गोदियाल, करण माहरा और हरक सिंह रावत का नाम गिनाते हुए कहा कि चाहे हम कोई भी हो, हमारा संगठन और हमारी पार्टी, व्यक्तिगत और व्यक्ति से ज्यादा बड़ा होता है।
बता दे कि कुछ दिन पहले उत्तराखंड कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गढ़वाल और कुमाऊं में धन्यवाद जनसंवाद यात्रा निकाली थी। इस यात्रा को लेकर पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और हरीश रावत के बीच नाराजगी चल रही है। कुमारी शैलजा ने 1 अक्टूबर को हरीश रावत को पत्र लिखकर इस यात्रा को रोकने और इसे समानांतर कार्यक्रम बताया था। उनका कहना था कि इस यात्रा के बारे में प्रदेश कांग्रेस कमेटी से और उनसे कोई चर्चा नहीं की गई। पत्र लिखने के बाद भी हरीश रावत नहीं माने और यात्रा को जारी रखा। इसके बाद दिल्ली बातचीत के लिए बुलाया गया है। रांची से पहले कुमारी शैलजा ने एक बार फिर से बड़ा बयान दिया और कहा कि पार्टी और संगठन से ऊपर कोई व्यक्ति नहीं है।

