हरिद्वार, 15 अक्टूबर। सीनियर पीसीएस अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार का कार्यभार संभाल लिया। विकास भवन पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने फूलमालाएं व पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सभी से परिचय प्राप्त किया और कार्य के प्रति निष्ठा व संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। सीडीओ ललित नारायण मिश्र ने पदभार ग्रहण के बाद कहा कि सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी और विकास योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और उनका सफल क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी व्यक्ति किसी समस्या के समाधान के लिए विकास भवन आए, उसकी शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। मिश्र ने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को कार्य के निष्पादन या समस्या निस्तारण में कठिनाई आती है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
सीडीओ ने यह भी बताया कि वे जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति की स्वयं समीक्षा करेंगे और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।कार्यभार ग्रहण के पश्चात उन्होंने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से शिष्टाचार भेंट की और जिले के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
गौरतलब है कि सीनियर पीसीएस अधिकारी ललित नारायण मिश्र पहले भी हरिद्वार जिले में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वे एडीएम वित्त एवं राजस्व, सचिव एचआरडीए, नगर आयुक्त नगर निगम, और कुंभ मेला 2021 में अपर मेला अधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी यशपाल सिंह, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सुभाष शाक्य, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिषेक चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

