हरिद्वार। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने गौ तस्करी के एक शातिर गौ तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी ने कुछ दिन पहले सड़क पर घूम रहे एक गोवंश को उठाकर कार में डाला और उसे बेच दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, नकदी और गौ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की सफेद स्कॉर्पियो कार बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई संगीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार जयराम मोड़ क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक सफेद स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार चालक ने कार को नहीं रोका और तेजी से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आगे बैरियर लगाकर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान चालक के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परवेज उर्फ अल्लाहदिया निवासी मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ आश्रमों और सड़कों से गाय चोरी कर इसी स्कॉर्पियो वाहन से ले जाकर बेचता था। पूछताछ में उसने बीती 13 मई की रात सप्तसरोवर क्षेत्र स्थित गौशाला से गाय चोरी करने की घटना भी कबूल की। आरोपी ने बताया कि गाय बेचने पर मिले रुपयों में उसके हिस्से में आए आठ हजार रुपये आए थे। जिसमें से 5100 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पकड़ी गई बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो कार गौ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही थी, जिसे पुलिस ने तत्काल सीज कर दिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार साथी की तलाश में भी पुलिस टीम दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि सप्तसरोवर क्षेत्र से गाय चोरी के मामले में पहले से मुकदमा दर्ज था, जिसका खुलासा इस गिरफ्तारी से हुआ है। वहीं अवैध हथियार बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में अलग मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।

