हरिद्वार। आर्य समाज सेक्टर-1 बीएचईएल हरिद्वार के 62वें वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन पांच कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आर्य समाज से जुड़े लोग शामिल हुए। इस दौरान सामवेद के 400 मंत्रों का सस्वर पाठ करने वाली सात वर्षीय श्रुति को सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. बलवीर तलवार और मुख्य अतिथि उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रोफेसर विनय विद्यालंकार ने श्रुति को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में श्रुति ने सामवेद की पद्धति के अनुसार संध्या कराकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। बचपन से आर्य समाज की शिक्षा-दीक्षा में पली-बढ़ी श्रुति का संस्कृत भाषा पर अच्छा नियंत्रण है। उसने वेदों के मंत्रों और श्लोकों का शुद्ध संस्कृत उच्चारण करते हुए पाठ किया। उसकी प्रतिभा की कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सराहना की।
श्रुति इस अवसर पर यज्ञ की मुख्य यजमान भी रही। उसने पूरे मनोभाव से यज्ञ में भाग लिया। श्रुति ने कहा कि यज्ञ करने से मन को आत्मिक शांति मिलती है। सात वर्ष की उम्र में सामवेद के 400 मंत्रों का गायन करना उसकी वैदिक शिक्षा और प्रतिभा को दर्शाता है।
यज्ञ के ब्रह्मा एवं मुख्य अतिथि प्रोफेसर विनय विद्यालंकार, आर्य समाज सेक्टर-1 बीएचईएल हरिद्वार के अध्यक्ष एवं बीएचईएल नई दिल्ली के पूर्व कार्यकारी निदेशक डॉ. बलवीर तलवार, संस्था के संरक्षक ओपी बत्रा, मंत्री मदन सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता और कार्यक्रम संयोजक आचार्य योगेंद्र मेधावी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में भजन, प्रवचन और ऋषि प्रसाद लंगर का आयोजन किया गय
वार्षिकोत्सव के समापन अवसर पर परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि मुख्य अतिथि होंगे। सामवेद परायण 31 कुंडीय यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ वार्षिकोत्सव का समापन किया जाएगा।

